नीमच। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को गोकुलधाम कॉलोनी में आस्था, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। गोकुलधाम गरबा उत्सव समिति एवं समस्त कॉलोनीवासियों के संयुक्त तत्वावधान में ‘मां जगदम्बा नवरात्रि गरबा महोत्सव’ का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा और विधि-विधान से घट स्थापना के साथ हुआ।
सुबह कॉलोनी के मुख्य द्वार पर मां जगदम्बा की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। फूलों और ध्वजों से सुसज्जित ट्रैक्टर-ट्रॉली में मां की प्रतिमा विराजित कर पूरी कॉलोनी में भव्य नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान ढोल-ताशों की गूंज और डीजे पर बजते माता के भजनों के बीच कॉलोनी की महिलाओं, पुरुषों और बालिकाओं ने डांडिया खेलते हुए गरबा किया। पूरे मार्ग में ‘जय माता दी’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगर भ्रमण के पश्चात दोपहर में कॉलोनी स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर के गरबा पंडाल में पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ घट स्थापना की गई और मां जगदम्बा को विराजित किया गया। इसके साथ ही नौ दिवसीय गरबा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। आगामी नौ दिनों तक कॉलोनीवासी मां की आराधना के साथ गरबा-डांडिया में भाग लेंगे।
प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से गरबा, रात 11:30 बजे महाआरती-
समिति के अनुसार, प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से गरबा-डांडिया का आयोजन होगा। वहीं, रात 11:30 बजे विधि-विधान से मां की महाआरती की जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए पंडाल में प्रतिदिन स्वल्पाहार और प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालु अपनी ओर से सामग्री देकर भोग और प्रसाद तैयार करवाने में भी सहयोग कर सकेंगे।
सनातन परंपरा और मर्यादा के पालन के लिए सख्त नियम-
गरबा उत्सव समिति ने आयोजन को सनातन परंपरा और धार्मिक मर्यादाओं के अनुरूप संपन्न कराने के लिए कुछ नियम निर्धारित किए हैं।
पारंपरिक वेशभूषा अनिवार्य: गरबा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को पारंपरिक परिधान पहनने होंगे।
फिल्मी और फूहड़ गीतों पर प्रतिबंध: आयोजन में केवल माता के भक्तिमय और पारंपरिक गीत ही बजाए जाएंगे।
महिला और पुरुषों के लिए अलग गरबा मंडल: महिलाएं महिलाओं के साथ और पुरुष पुरुषों के साथ गरबा करेंगे।
फोटोग्राफी में सहमति जरूरी: महिलाओं की सहमति के बिना उनकी तस्वीरें लेना या वीडियो बनाना प्रतिबंधित रहेगा।
नशे पर पूर्ण प्रतिबंध: गरबा परिसर में नशे की हालत में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन होने पर समिति ने वैधानिक कार्रवाई कराने की बात कही है।
समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों और कॉलोनीवासियों से इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर मां जगदम्बा की आराधना करने और गरबा महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।