सेगांव। पूरे देश के साथ निमाड़ की धार्मिक नगरी सेगांव में भी शारदीय नवरात्रि का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ शुरू हो गया है। नगर की आराध्य, बोराड नदी तट पर विराजित माँ देवी श्री लालबाई-फूलबाई माताजी मंदिर में नौ दिनों तक चलने वाले महापर्व की शुरुआत आज भव्य कलश यात्रा से हुई।
सुबह श्री राम मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। सुसज्जित बग्गी पर विराजित आचार्य ओमप्रकाश शर्मा, मानपुर वाले के सान्निध्य में नन्हीं कन्याएं सिर पर कलश धारण कर, बैंड-बाजों और माता के जयकारों के साथ नगर भ्रमण पर निकलीं।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत
कलश यात्रा का नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा राम मंदिर से होते हुए मुख्य मार्गों से माताजी मंदिर पहुंची, जहां आचार्य श्री द्वारा विधि-विधान से शतचंडी महायज्ञ की शुरुआत की गई।
मंदिर समिति के अनुसार, नवरात्रि के नौ दिनों तक प्रतिदिन शतचंडी महायज्ञ, हवन-पूजन और देवी पाठ का आयोजन होगा। मातारानी के दर्शनों के लिए दूर-दराज से हजारों श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इस दौरान कई भव्य चुनरी यात्राएं भी माँ के दरबार में पहुंचेंगी।
नवमी के बाद दशहरे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे।