नीमच। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 12 अक्टूबर को होटल सनराइज ग्रैंड, नीमच में यूथ एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। इसमें युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और नवाचार के विभिन्न अवसरों की जानकारी देने के साथ मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा।
कॉन्क्लेव में स्थानीय औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं और उद्यम स्थापित करने की संभावनाओं पर जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और डेयरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं तथा शासन की संबंधित योजनाओं से भी युवाओं को अवगत कराया जाएगा।
यह रहेगा कार्यक्रम का समय-
कार्यक्रम में सुबह 10 बजे पंजीयन शुरू होगा। दोपहर 12 बजे उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार अवसरों और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जुड़े अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने कौशल और रुचि के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।