कसरावद। कसरावद में रविवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दुर्घटना के बाद 108 एंबुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं होने के आरोप ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़गांव निवासी पन्नालाल पिता गुटिया (60 वर्ष) और अर्जुन पिता कैलाश (25 वर्ष) रविवार दोपहर करीब 12ः45 बजे कसरावद से अपने घर बड़गांव जा रहे थे। इसी दौरान सरस्वती मंदिर से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के कुछ पुर्जे घटनास्थल पर ही बिखर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
एक का पैर फ्रैक्चर, दूसरे के सिर और पैर में चोट
हादसे में अर्जुन का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि पन्नालाल के सिर और पैर में चोटें आई हैं। दोनों घायलों को कसरावद के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
108 एंबुलेंस पर उठे सवाल, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घायल के परिजन बबलू ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद 108 एंबुलेंस को फोन किया गया, लेकिन कर्मचारियों ने वाहन का टायर पंचर होने की बात कहते हुए करीब दो घंटे बाद पहुंचने की जानकारी दी। मजबूरन परिजन घायलों को बाइक से शासकीय अस्पताल कसरावद लेकर पहुंचे।
मामले में शासकीय अस्पताल के बीएमओ डॉ. संतोष बडोले ने भी एंबुलेंस की व्यवस्था को लेकर खरगोन के 108 जिला प्रबंधक से चर्चा की, लेकिन इसके बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। आखिरकार परिजनों को दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।
सवालों के घेरे में आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए समय पर उपचार मिलना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के आरोपों ने स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने मामले की जांच कर एंबुलेंस सेवा में सुधार की मांग की है। हालांकि, एंबुलेंस सेवा प्रबंधन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।