देवास। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विधायक गायत्री राजे पवार एवं कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सपत्नीक मां तुलजा भवानी और मां चामुंडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने मां टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए की गई दर्शन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
नवरात्रि के अवसर पर अलसुबह से ही मां टेकरी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी। माता रानी के दर्शन के लिए दूर-दूर से भक्त पहुंचे। कोई परिवार की खुशहाली की कामना लेकर आया, तो कोई अपनी मनोकामना पूरी होने पर माता के दरबार में शीश नवाने पहुंचा। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब कई भक्त अपनी मन्नत पूरी होने की कामना लेकर घुटनों के बल चलते हुए माता के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे परिसर में जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।
नवरात्रि में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए 100 से अधिक वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि भक्तों को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मां टेकरी पर आस्था, विश्वास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना करते नजर आए। नवरात्रि के पावन पर्व पर मां के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब देवास की धार्मिक परंपरा और भक्तों की अटूट श्रद्धा को दर्शाता नजर आया।