चित्तौड़गढ़। जिले के चंदेरिया थाना क्षेत्र में होटल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसटी, चंदेरिया थाना पुलिस, साइबर टीम और भीलवाड़ा पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश कर उन्हें पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग से जुड़ी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने युवक और उसके साथियों पर लकड़ियों व फर्शियों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल प्रभु कीर की उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
होटल पर खाना खा रहे युवकों पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 की रात प्रभु कीर अपने साथियों दिवान सिंह, भरत मीणा और अन्य लोगों के साथ दाताश्री होटल पर खाना खा रहा था। इसी दौरान लोकेश सिंह चौहान उर्फ लक्की का दिवान सिंह के पास फोन आया। इसके बाद लक्की अपने साथियों के साथ होटल पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपियों ने प्रभु कीर, दिवान सिंह और भरत मीणा पर लकड़ियों व फर्शियों से हमला कर दिया। हमले में तीनों को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घायल प्रभु कीर को उपचार के लिए उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) भी प्रकरण में जोड़ी।
प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना के समय होटल में मौजूद कुछ लोगों के बीच प्रेम प्रसंग से जुड़ी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद लोकेश उर्फ लक्की ने अपने भाई राहुल सिंह और अन्य साथियों को बुलाया। इसके बाद प्रभु कीर और उसके साथियों पर हमला किया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मुख्य आरोपी लक्की सहित तीन गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है—
लोकेश सिंह चौहान उर्फ लक्की (21 वर्ष), निवासी पानी की टंकी के पास, रेलवे स्टेशन, चंदेरिया।
राहुल सिंह चौहान (24 वर्ष), निवासी पानी की टंकी के पास, रेलवे स्टेशन, चंदेरिया।
मोईनुदिन शाह उर्फ मोनू (22 वर्ष), निवासी शीतला माता चौक, मिरासी मोहल्ला, चंदेरिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा और पुलिस उप अधीक्षक दिनेश सुखवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी भरत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। मामले में आरोपियों से पूछताछ और आगे का अनुसंधान जारी है।
कई टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
इस कार्रवाई में चंदेरिया थाना पुलिस, डीएसटी चित्तौड़गढ़, साइबर टीम और भीलवाड़ा पुलिस की टीमों ने सहयोग किया। पुलिस के अनुसार, एएसआई सूरज कुमार, एएसआई प्रभुलाल तथा कांस्टेबल अरविंद, अशोक कुमार, राजेश कुमार, वीरेंद्र कुमार और ईश्वरलाल की विशेष भूमिका रही। अन्य पुलिसकर्मियों ने भी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी में सहयोग किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।