मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरोठ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की सफेद स्कोडा कार से 2 क्विंटल डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान डोडाचूरा, कार और मोबाइल सहित कुल करीब 24 लाख 10 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी-
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बिना नंबर की स्कोडा कार में भारतसिंह पिता शंकरसिंह निवासी लुका चिकनिया अवैध डोडाचूरा लेकर मेलखेड़ा, बरडिया, अमरा होते हुए पावटी की ओर जाने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्कोडा कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में रखे 10 काले रंग के प्लास्टिक कट्टों से 2 क्विंटल डोडाचूरा बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है। इसके अलावा विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया गया।
पुलिस ने मौके से भारतसिंह पिता शंकरसिंह, उम्र 25 वर्ष, निवासी लुका चिकनिया को गिरफ्तार किया।
24.10 लाख रुपए का मश्रुका जब्त-
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 2 क्विंटल डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख रुपए, बिना नंबर की सफेद स्कोडा कार कीमत करीब 20 लाख रुपए और विवो कंपनी का मोबाइल करीब 10 हजार रुपए का जब्त किया गया। इस प्रकार कुल करीब 24 लाख 10 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया गया।
मामले में थाना गरोठ पर आरोपी भारतसिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 408/2026 के तहत धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी से जब्त मादक पदार्थ के स्रोत और उसकी सप्लाई के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की रही भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीरसिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक जसराजसिंह चंदेल सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।