नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 39 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आई-20 कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत डीआईजी रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, नीमच एसपी राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और जावद एसडीओपी हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने मानपुरा फंटे के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को आई-20 कार के साथ रोककर तलाशी ली। कार की डिक्की में दो काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे रखे मिले। तलाशी लेने पर इनमें डोडाचूरा भरा होना पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 39 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया।
मामले में पुलिस ने अंकित पिता गोवर्धन आचार्य, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कोटड़ी, थाना कोटड़ी, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।
करीब 11 लाख रुपए का मश्रुका जब्त-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 39 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपए, सफेद रंग की आई-20 कार क्रमांक RJ 34 CA 3159, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए, तथा करीब 10 हजार रुपए कीमत का एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक भूरालाल भाबर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।