मंदसौर। शहर के समीप शिवना पुलिया के पास शनिवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान ग्राम खोती निवासी जसपाल पिता रामभगत चंद्रवंशी के रूप में हुई है। हादसे में उसके सिर में करीब 10 टांके आए हैं, जबकि चेहरे, हाथ और पैर में भी चोटें आई हैं। फिलहाल उसका मंदसौर जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार जसपाल शनिवार रात अपने गांव खोती से बाइक पर सवार होकर अपने मामा के गांव ढाबला जा रहा था। उसे मामा के खेत पर मजदूरी करनी थी और रविवार सुबह से काम शुरू करना था। इसी दौरान मंदसौर में शिवना ब्रिज के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल जसपाल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, जसपाल के पिता रामभगत भीलवाड़ा में मजदूरी करते हैं और शनिवार दोपहर ही गांव लौटे थे। इसी बीच जसपाल मजदूरी के लिए मामा के गांव निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।