चित्तौड़गढ़। शहर में एक महिला का लगातार पीछा करने, जबरन संपर्क करने और दोस्ती नहीं करने पर एसिड अटैक की धमकी देने के मामले में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई दिनों से महिला को परेशान कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की और आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को शहर निवासी एक महिला ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि वह घर से लाइब्रेरी पढ़ने आने-जाने के दौरान एक युवक लगातार उसका पीछा करता था। वह जबरन बातचीत करने और दोस्ती करने का दबाव बनाते हुए अश्लील हरकतों से परेशान कर रहा था। मना करने के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था और दोस्ती नहीं करने पर एसिड से हमला करने की धमकी दे रहा था।
सादे कपड़ों में निगरानी कर आरोपी को पकड़ा-
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुगन चंद्र पंवार के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने तीन से चार दिन तक सादे कपड़ों में रहकर पीड़िता को सुरक्षा प्रदान की और आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद उसे संतोषी माता मंदिर के पास से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम केसरसिंह उर्फ सन्नी (30), निवासी ऊपरलापाड़ा, थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ बताया। पुलिस ने उसे शांति भंग करने के मामले में गिरफ्तार किया।
महिला पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई-
कार्रवाई करने वाली टीम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सहायक उप निरीक्षक श्यामा, महिला कांस्टेबल रीना, महिला कांस्टेबल लीला, महिला कांस्टेबल आकांक्षा और कांस्टेबल प्रहलाद शामिल रहे। पुलिस ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षा उपलब्ध कराई।