चित्तौड़गढ़। मंगलवाड़ थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच साल से फरार अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित रविन्द्र कुमार उर्फ मोनू पंजाबी को जोधपुर से गिरफ्तार किया। वहीं, एक अन्य मामले में एक साल से फरार चल रहे खेताराम उर्फ खेमाराम को भी जोधपुर से पकड़ा गया।
43 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा जब्ती के मामले में था वांछित-
पुलिस के अनुसार, थाना मंगलवाड़ में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में रविन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र सिंह उर्फ मोनू पंजाबी पुत्र जोगेन्द्र कुमार उर्फ जोगेन्द्र सिंह, निवासी मलमजरा, थाना चब्बेवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) वांछित था। इस प्रकरण में पुलिस ने वर्ष 2021 में 43 क्विंटल 48 किलो 800 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त किया था। मामले में पहले ही 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब गिरफ्तार मोनू पंजाबी से अन्य सह-अभियुक्तों के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान किया जा रहा है।
हथियारों के बल पर वाहन छुड़ाने के मामले में गिरफ्तारी-
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने वर्ष 2025 के आर्म्स एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं से जुड़े प्रकरण में वांछित खेताराम उर्फ खेमाराम पुत्र छिमा राम, निवासी एहसान का तला, थाना धनाऊ तथा वर्तमान निवासी तिलक नगर, थाना रीको क्षेत्र, जिला बाड़मेर को जोधपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पूर्व में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि घटना के दौरान हथियारों के बल पर पुलिस कार्रवाई के बीच वाहनों को छुड़ाकर ले जाया गया था।
पुलिस टीम रही शामिल-
दोनों कार्रवाइयों में मंगलवाड़ थाना पुलिस की टीम शामिल रही। टीम में थानाधिकारी भवानीशंकर, एएसआई जगदीश चन्द्र तथा कांस्टेबल टंवर सिंह, गजेन्द्र कुमार और सुनील ने भूमिका निभाई।