भानपुरा। थाना भानपुरा पुलिस ने अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची जहरीली शराब, एक 12 बोर देशी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15,500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और हथियारों की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
5 अक्टूबर 2026 को चौकी भैसोदामंडी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भैसोदा के पास आमरोड, ग्राम भैसोदा पर घेराबंदी कर आरोपी श्रीकिशन पिता तेजा कंजर (30) निवासी ग्राम किशनपुरिया, थाना सदर पाटन, जिला झालावाड़, राजस्थान को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर देशी कट्टा व 4 जिंदा कारतूस, कीमत 15 हजार रुपए, तथा 5 लीटर अवैध हाथ भट्टी की कच्ची जहरीली शराब, कीमत 500 रुपए, जब्त की। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।