नीमच। सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर नगर पालिका सफाई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा एवं वाल्मीकि समाज के बैनर तले आज शहर में रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंची, जहां कर्मचारियों ने नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया को 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।
मांग पत्र में 10 से 20 वर्षों से कार्यरत सफाई कर्मचारियों को शासन के निर्देशानुसार नियमित करने, समान कार्य के लिए समान वेतन देने तथा अनफिट कर्मचारियों के स्थान पर उनके परिवार के सदस्यों को नियमित रूप से कार्य पर लेने की मांग प्रमुखता से रखी गई।
कर्मचारियों ने शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए 50 पुरुष एवं 50 महिला सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग भी की। इसके साथ ही महिला सफाई कर्मचारियों को नियमानुसार मातृत्व अवकाश देने तथा आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
सफाई कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि कर्मचारियों को शासन के नियमों के अनुरूप सुविधाएं और अधिकार मिल सकें।