रतलाम। पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध शराब परिवहन करते एक चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 336 क्वार्टर देशी शराब और एक लग्जरी कार जब्त की है।
प्राप्त जानकारी अनुसार दिनांक 07.10.2026 को थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा निरीक्षक सुमित मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की हुंडई एक्सेंट कार क्रमांक MP14 CC 3768 में अवैध शराब भरकर रतलाम से मंदसौर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम (ग्रामीण) विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में तत्काल टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने रतलाम-जावरा फोरलेन रोड पर संतुष्टि ढाबे के पास नाकाबंदी कर बताई गई कार को रोका। कार चालक ने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्रसिंह पिता सूर्यपालसिंह राठौर उम्र 45 साल निवासी ग्राम पठलावद, थाना दलौदा, जिला मंदसौर बताया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें भूरे रंग की 07 पेटी मिली, प्रत्येक पेटी में 48-48 क्वार्टर थे। कुल 336 क्वार्टर में 02 पेटी देशी प्लेन मदिरा व 05 पेटी देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 28,320 रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास शराब परिवहन का कोई वैध लाइसेंस/परमिट नहीं था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से उक्त अवैध शराब एवं प्रयुक्त कार क्रमांक MP14 CC 3768 को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत जब्त किया एवं मौके पर कार्यवाही कर थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पर अपराध पंजीबद्ध किया गया।
जब्त मशरूका:
1. एक सफेद रंग की Hyundai Xcent SX कार क्रमांक MP14 CC 3768 कीमती 05 लाख रुपये
2. 07 पेटी (336 क्वार्टर) अवैध देशी शराब कीमती 28,320 रुपये
विशेष भूमिका: निरीक्षक सुमित मिश्रा (थाना प्रभारी), उनि. हर्षेन्द्र बहादुर दीक्षित, उनि. कुलदीप डाबी, प्रआर. 144 योगेश सेनी, प्रआर. 568 हेमेन्द्रसिंह, प्रआर. 567 बालकृष्ण, आर. 1091 दीपक कुमार, आर. 1016 गोपाल मदारिया थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा।