चित्तौड़गढ़। सदर निंबाहेड़ा थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सतखंडा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध बोलेरो कार से 500-500 रुपए के 178 नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 89 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बोलेरो वाहन भी जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं पुलिस उप अधीक्षक निंबाहेड़ा शिव प्रकाश टेलर के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। सदर निंबाहेड़ा थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सतखंडा क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान नीमच हाईवे की ओर से एक सफेद रंग की संदिग्ध बोलेरो आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रुकवाकर उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोलेरो के डैशबोर्ड में 500-500 रुपए के नोटों की बड़ी संख्या मिली। गिनती करने पर कुल 178 नोट पाए गए, जिनकी कुल कीमत 89 हजार रुपए थी।
नकली नोटों के साथ रखे थे असली नोट-
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नकली नोटों को असली बताकर खपाने के लिए एक तरीका अपनाया था। नकली नोटों के साथ 500-500 रुपए के 86 असली नोट भी रखे गए थे, जिनकी कुल कीमत 43 हजार रुपए थी। प्रथम दृष्टया नोटों पर संदेह होने पर पुलिस ने उनकी बारीकी से जांच की, जिसके बाद बड़ी संख्या में नकली नोट होने का खुलासा हुआ।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खपाने की तैयारी-
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी इन नकली नोटों को स्थानीय बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों की यह खेप आरोपियों तक कहां से पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस को मामले में बड़े नकली नोट नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है। हालांकि, पूरे नेटवर्क का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
ये आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस ने अहसान मोहम्मद (34) पिता अजीज मोहम्मद, निवासी पीथलवड़ी, थाना छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ तथा समीर खान (35) पिता अब्दुल शहीद, निवासी चंदन चौक, निंबाहेड़ा, थाना कोतवाली निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
सदर निंबाहेड़ा पुलिस टीम में एसआई कन्हैयालाल, एएसआई सकेंद्र सिंह, कांस्टेबल जीवन, सूर्यभान सिंह, शिव कुमार एवं सुरेशचंद्र शामिल रहे। वहीं जिला स्पेशल टीम में हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार तथा कांस्टेबल रतन सिंह, बलराम मीणा, अमित कुमार, प्रीतम, बलराम गुर्जर, मनोज कुमार और अजय कुमार की भूमिका रही।