बेगूं। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बेगूं थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 99 किलो 200 ग्राम अफीम डोडाचूरा से भरी ईको कार जब्त की है। पुलिस की नाकाबंदी के दौरान कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को डीएसटी से मिली सूचना के आधार पर एनएच-27 पर सुरतपुरा की सरहद में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान संदिग्ध ईको कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम को देखकर चालक कार लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान कार से 99 किलो 200 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपालसिंह कानावत एवं पुलिस उपअधीक्षक बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन तथा थानाधिकारी बेगूं चम्पाराम के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
पुलिस ने जब्त ईको कार और डोडाचूरा को कब्जे में लेकर थाना बेगूं में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में फरार चालक की पहचान और तलाश के साथ मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम- थाना बेगूं से एसआई सीताराम, कांस्टेबल रमेश, रणवीर, कुंजबिहारी एवं चालक राजेंद्र तथा डीएसटी से हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, राजदीप सिंह, कांस्टेबल दीपक, विजय, विक्रम एवं दुर्गाराम शामिल रहे।