गरोठ। थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए संतरे के बगीचे के बीच से गांजे के 107 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजे के पौधों के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश-
पुलिस को 5 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कारूलाल पिता राधेश्याम, निवासी ग्राम साठखेड़ा, पंडेरिया रोड स्थित अपने खेत में संतरे के बगीचे के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने बताए गए खेत पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान संतरे के पेड़ों के बीच गांजे के 107 हरे पौधे मिले। पुलिस ने सभी पौधों को जब्त कर आरोपी कारूलाल मीणा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके कब्जे से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज-
कार्रवाई के बाद थाना गरोठ में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 403/2026 के तहत धारा 8/20(ए) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में विवेचना जारी है और आरोपी से अवैध गांजे की खेती से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।
ये रहे कार्रवाई में शामिल-
कार्रवाई में थाना प्रभारी गरोठ उपनिरीक्षक बलवीर सिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक जसराज सिंह चंदेल सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।