चित्तौड़गढ़। जिले के बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, डकैती की योजना बनाने के प्रकरण में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया गया है। इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी एटीएस यूनिट उदयपुर और बड़ीसादड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को परिवादिया ने बड़ीसादड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 5 बजे गणपतदास वैष्णव उसके घर के बाहर आया। दरवाजा खोलने पर आरोपी ने उसके साथ जबरन छेड़छाड़ की और धक्का देकर घर में प्रवेश कर दुष्कर्म का प्रयास किया। परिवादिया के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे आरोपी से छुड़ाया।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गणपतदास पुत्र लक्ष्मणदास वैष्णव (47), निवासी भूरकिया कला, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी महिला से छेड़छाड़ का एक प्रकरण दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम- थानाधिकारी भगवानलाल, एएसआई हरिराम तथा कांस्टेबल बाबूलाल और राकेश।
डकैती की योजना बनाने के मामले में 15 हजार का इनामी गिरफ्तार-
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को बड़ीसादड़ी थाने के उपनिरीक्षक लीलाराम पुलिस जाब्ते के साथ सर्किल गश्त पर थे। इस दौरान पारलिया-कीरतीपुरा रोड स्थित पानी की टंकी के पास सफेद रंग की टोयोटा इटियॉस कार खड़ी दिखाई दी। मुखबिर से सूचना मिली कि कार में पांच व्यक्ति डकैती की योजना बना रहे हैं।
पुलिस टीम को देखकर कार में सवार सभी व्यक्ति पानी की टंकी की ओर से खेतों में भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके से फरार हुए चार अन्य व्यक्तियों को प्रकरण में नामजद किया गया।
कार की तलाशी के दौरान गियर बॉक्स के पास छुरेनुमा धारदार चाकू और डैशबोर्ड के अंदर एक देशी पिस्टल मैगजीन सहित मिली। मैगजीन में चार जिंदा कारतूस भी पाए गए। पुलिस ने हथियारों और वाहन को नियमानुसार जब्त कर लिया।
इस मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त शादाब शाह पुत्र शहजाद शाह (28), निवासी सविना, विजय सिंह पथिक नगर, सेक्टर-9, कच्ची बस्ती, उदयपुर तथा हाल निवासी मावली, जिला उदयपुर की तलाश की जा रही थी। एटीएस यूनिट उदयपुर और बड़ीसादड़ी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी में एटीएस यूनिट उदयपुर के कांस्टेबल सत्येन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शादाब शाह के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कुल 17 प्रकरण दर्ज हैं। ये मामले न्यायालय में विचाराधीन बताए गए हैं।
एटीएस यूनिट उदयपुर की टीम- एएसआई दानिश खान, तेजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल गिरधर सिंह, सत्येन्द्र सिंह और चालक फिरोज खान।
बड़ीसादड़ी थाना पुलिस की टीम- थानाधिकारी भगवानलाल, एसआई बाबूलाल तथा कांस्टेबल दिनेश कुमार, ओमप्रकाश और राकेश।