दतिया। शक्ति आराधना के महापर्व शारदीय नवरात्रि का आज से प्रारम्भ हो गया है। नवरात्रि के पहले ही दिन दतिया स्थित प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के मंदिर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। भक्तों ने मां के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शारदीय नवरात्रि के दौरान पीतांबरा पीठ परिसर में विशेष पूजा-पाठ, हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाता है। मान्यता है कि मां बगलामुखी अपने भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। मां बगलामुखी को सत्ता और विजय की देवी के रूप में भी जाना जाता है।
यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ देशभर से कई राजनेता भी मां के दर्शन और आशीर्वाद लेने पीतांबरा पीठ पहुंचते हैं। नवरात्रि के पहले दिन मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां की आराधना में लीन नजर आए।