कुकड़ेश्वर। शारदीय नवरात्रि के महापर्व को लेकर नगर में उत्साह और उल्लास का माहौल है। पर्व के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर घट स्थापना के साथ मां नवदुर्गा के दरबार सजाए जाएंगे। आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य पंडालों में नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना होगी। वहीं, गरबा और डांडिया रास की रंगारंग प्रस्तुतियां उत्सव की रौनक बढ़ाएंगी।
नवरात्रि को लेकर नगर के विभिन्न गरबा मंडलों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आकर्षक रोशनी से सजे पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। प्रतिदिन शाम को माता की आरती, पूजा-अर्चना और भक्ति गीतों के साथ गरबा-डांडिया रास का आयोजन होगा। इसमें बालिकाएं और महिलाएं उत्साहपूर्वक भाग लेकर मां की आराधना करेंगी।
प्रमुख स्थानों पर सजेगा माता का दरबार-
कुकड़ेश्वर में ब्राह्मण मोहल्ला, गढ़िया मंदिर, मालवीय मंदिर, रंगरा चौक, तमोली चौक, मीना चौक, मां भवानी माता मंदिर तथा आदि शक्ति लालबाई-फूलबाई मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर घट स्थापना के साथ नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ होगा। इन स्थानों पर गरबा मंडलों द्वारा आकर्षक सजावट की गई है। साथ ही, श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक आयोजन भी होंगे।
भक्ति और उत्साह में डूबेगा नगर-
नवरात्रि के नौ दिनों तक कुकड़ेश्वर में धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिलेगा। माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय होगा, वहीं गरबा और डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियां उत्सव की रौनक बढ़ाएंगी। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों में विशेष उत्साह है। इस दौरान श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।