देवास। विश्व प्रसिद्ध मां चामुंडा टेकरी के शंख द्वार पर मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा पिछले 42 वर्षों से अनवरत आयोजित किए जा रहे नौ दिवसीय विशाल भंडारे का शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन विधायक गायत्री राजे पवार ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था शुरू की गई।
समिति के रामेश्वर जलोदिया ने बताया कि मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा हर वर्ष नवरात्रि के नौ दिनों तक अलग-अलग प्रकार के भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसमें मां के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को निशुल्क चाय, फलाहारी खिचड़ी, हलवा-पुरी सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। समिति के सदस्य पूरे नवरात्रि पर्व के दौरान सेवा भाव से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते हैं।
गौरतलब है कि शारदीय नवरात्रि के दौरान मां टेकरी पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में भंडारे के माध्यम से भक्तों को प्रसाद उपलब्ध कराने का यह सेवा कार्य विशेष महत्व रखता है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु यहां प्रसाद ग्रहण करते हैं। मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा पिछले 42 वर्षों से यह सेवा परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।
भंडारे के शुभारंभ अवसर पर विधायक गायत्री राजे पवार ने समिति के सेवा कार्य की सराहना की और कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा करना पुण्य का कार्य है। उन्होंने सभी भक्तों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए मां चामुंडा से सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।