सरसी। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में जावरा स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल में तहसील स्तरीय कराते प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जावरा ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में वॉरियर्स पथ अकादमी, सरसी के 15 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय कराते प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया। चयनित खिलाड़ी विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में जावरा ब्लॉक की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
चयनित खिलाड़ियों में यशराज सिंह, मयंक खारोल, प्रणय धाकड़, आयुष पांचाल, जयनारायण शेखकवाडिया, जिनिशा धाकड़, रुचिका खारोल, मुक्ता खारोल, पिंकी रोहिदास, नंदनी राठौर, जीविका सेन, तारा प्रजापत एवं खुशी परमार सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि का श्रेय उनके कोच जितेंद्र राठौड़ की मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर प्रशिक्षण को दिया गया। कोच के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने नियमित अभ्यास करते हुए प्रतियोगिता की तैयारी की और अपने प्रदर्शन से चयन सुनिश्चित किया।
प्रतियोगिता के दौरान सीएम राइज स्कूल के हिमांशु श्रीवास्तव, शेख शरीफ उद्दीन, एम.एच. नंदा, नवीन सोलंकी, तनुश्री जोशी एवं राजश्री राठौर सहित विभिन्न खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों के जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर श्री साई पब्लिक स्कूल, सरसी के संचालक राजपाल सिंह, खेल प्रेमी प्रमोद खारोल, विनोद खारोल, पिंटू बैरागी एवं पवन धाकड़ सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों, कोच एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए जिला स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।