भगवानपुरा। शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा के तीन विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। बड़वानी में आयोजित संभाग स्तरीय पुरुष हॉकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सोनू प्रजापत, अंश जोशी एवं राहुल चौहान ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। तीनों खिलाड़ी अब ग्वालियर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय भले ही नया है, लेकिन यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। महाविद्यालय लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के समर्पण, परिश्रम और सहयोग का परिणाम है। सभी कर्मचारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं महाविद्यालय की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। प्राचार्य ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी सौरभ छटिये ने कहा कि तीनों विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रजनी सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों को भी खेल गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगी।
इस उपलब्धि पर डॉ. सेवक चौहान, डॉ. सुवालाल डावर, डॉ. शुभम जायसवाल एवं प्रो. नरेश जमरे सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए तीनों खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।