चित्तौड़गढ़। श्रीगंगानगर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ की द डिफेंस कराटे एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक हासिल किए।
अकादमी की मुख्य कोच गरिमा वर्धानी के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में चित्तौड़गढ़ से 8 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें अमरप्रीत कौर अरोड़ा ने 17 वर्ष आयु वर्ग के -68 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि के साथ अमरप्रीत कौर का चयन इंदौर में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
वहीं सिद्धि सनाढ्य ने -36 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक, जबकि हाव्या गौतम ने -32 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अकादमी सहित जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम-
प्रतियोगिता में अकादमी के अन्य खिलाड़ियों निधि तिवारी, दिव्या प्रजापत, काव्यश्री चौहान, जिनीशा नेनवा और मानवेंद्र प्रताप सिंह राव ने भी अपने-अपने भार वर्ग में कड़ा मुकाबला करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया।
चित्तौड़गढ़ लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत-
प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर खिलाड़ियों के चित्तौड़गढ़ लौटने पर अकादमी प्रबंधन, अभिभावकों एवं स्थानीय खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों और कोच गरिमा वर्धानी का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर कोच गरिमा वर्धानी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर चित्तौड़गढ़ का नाम रोशन करेंगे।