नीमच। थाईलैंड के बैंकॉक शहर में 22 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित एशियन बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में भारतीय बॉडीबिल्डर अरबाज़ खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। पुरुष बॉडीबिल्डिंग के 85 किलोग्राम वर्ग में उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर देश और नीमच का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अरबाज़ खान ने 85 किलोग्राम वर्ग में अपनी शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से नीमच के खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है।
उपलब्धि पर मिल रही बधाइयां-
अरबाज़ खान के इस प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद खेलप्रेमियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। शाबान खान ने कहा कि अरबाज़ की इस उपलब्धि से देश के साथ ही नीमच का नाम भी गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने अरबाज़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
अरबाज़ खान की इस उपलब्धि को लेकर शहर के खेलप्रेमियों में खास उत्साह है। उनके लौटने का भी इंतजार किया जा रहा है। बताया गया कि अरबाज़ 2 अक्टूबर को नीमच लौटेंगे। उनके आगमन पर शहर में भव्य स्वागत किया जाएगा। खेलप्रेमियों और शुभचिंतकों द्वारा उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि का उत्साह के साथ स्वागत करने की तैयारियां की जा रही हैं।
एशियन बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर अरबाज़ खान ने अपनी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि से नीमच के युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है।