नीमच। जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) नीमच के बहुप्रतीक्षित चुनाव में आज सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्णायक मुकाबला हो रहा है। मगनलाल रतनदेवी जैन मांगलिक भवन में सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के 23 संबद्ध क्लबों के अध्यक्ष एवं सचिव अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। इन्हीं मतदाताओं के वोट से संघ के दोनों महत्वपूर्ण पदों का फैसला होगा।
निर्वाचन अधिकारी दिलीप शर्मा ने बताया कि सचिव पद के लिए दो तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी और करीब दोपहर 1 बजे चुनाव परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए मध्यप्रदेश फुटबॉल संघ, जबलपुर के ऑब्जर्वर नीरज शर्मा भी मौजूद हैं। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पूरी चुनाव प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराई जा रही है।
आठ पदों पर निर्विरोध निर्वाचन-
एफए में अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं पांच कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल 10 पदों के लिए चुनाव होना था। नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद पर विनोद शर्मा, उपाध्यक्ष पद पर सईदुद्दीन अंसारी तथा पांच कार्यकारिणी सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
ऐसे में अब चुनावी मुकाबला पूरी तरह सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर केंद्रित है। 23 क्लबों के मतदाताओं के फैसले के बाद आज डीएफए की नई कार्यकारिणी के इन दोनों महत्वपूर्ण पदों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
फुटबॉल से जुड़े खिलाड़ियों, क्लब पदाधिकारियों एवं खेलप्रेमियों की निगाहें अब चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।