कसरावद। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ विकासखंड कसरावद द्वारा प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान विकासखंड की 30 ग्राम समितियों से करीब 250 किसान मौजूद रहे। किसानों ने बिजली, सिंचाई, फसल खरीदी, राजस्व रिकॉर्ड और सड़क सहित कई स्थानीय मुद्दों को प्रशासन के सामने रखा।
ज्ञापन में सिंचाई ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी और मोटर पंप के वायर सहित कृषि उपकरणों की चोरी रोकने की मांग की गई। इसके अलावा जले हुए ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे के भीतर बदलने तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग भी रखी गई।
किसानों ने राजस्व रिकॉर्ड में होने वाली त्रुटियों के सुधार के लिए पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने की मांग की। वहीं इंदौर-मनमाड़ रेल परियोजना से प्रभावित किसानों के साथ बैठक कर उनकी सहमति लेने की बात भी ज्ञापन में कही गई।
इसके साथ ही किसानों ने 1 अक्टूबर से कपास की खरीदी शुरू करने, सोयाबीन सहित अन्य खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की। बलगांव मार्ग के चौड़ीकरण, कुंडिया तालाब में पानी छोड़ने और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन से किसानों से जुड़े इन सभी मुद्दों पर जल्द कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की है।