जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग अधिकारियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को लेकर अब विरोध और मांगें तेज हो गई हैं। नर्सिंग ऑफिसर एसोसिएशन के बैनर तले अधिकारियों ने अपनी वर्षों से लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा है, जिसमें प्रशासनिक स्तर पर जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि मेडिकल अस्पतालों में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या और उसके अनुपात में नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है, इसलिए जल्द से जल्द नई नर्सेस की नियुक्ति की जानी चाहिए।
पदोन्नति सूची और ग्वालियर-रीवा की तर्ज पर वेतन वृद्धि की मांग
ज्ञापन के माध्यम से नर्सिंग अधिकारियों ने शासन और प्रशासन के सामने कई प्रमुख मांगें रखी हैं। एसोसिएशन की मांग है कि नर्सिंग अधिकारियों को जनवरी 2016 से सातवें वेतनमान का वास्तविक लाभ दिया जाए। इसके साथ ही समस्त शासकीय एवं स्वाशासकीय नर्सिंग अधिकारियों की पदोन्नति की सूची जल्द से जल्द जारी की जाए। कॉलेज ऑफ नर्सिंग में नर्सिंग ट्यूटर की भर्ती करने, शैक्षणिक अवकाश के दौरान पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के लिए वरिष्ठता के अनुसार चयन सूची भेजने की भी मांग की गई है। इसके अलावा, ग्वालियर और रीवा मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर प्रदेश के अन्य शेष मेडिकल कॉलेजों के जीएनएम और बीएससी नर्सिंग स्टाफ को भी 3 से 4 वेतन वृद्धि का आदेश तत्काल पारित किए जाने की मांग उठाई गई है। इस दौरान नर्सिंग ऑफिसर सुनीला ने भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए मांगों को जल्द पूरा करने की बात कही है।