मल्हारगढ़। सीएम राइज सांदीपनि विद्यालय मल्हारगढ़ में वोकेशनल कोर्स के तहत गेस्ट लेक्चर और विद्यार्थियों के शैक्षणिक भ्रमण के नाम पर आवंटित शासकीय राशि के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। इस संबंध में एडवोकेट कृष्णकांत सेन ने गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और वित्तीय ऑडिट कराने की मांग की है।
एडवोकेट सेन के अनुसार, विद्यालय में आईटी एवं ब्यूटी ट्रेड के अंतर्गत बाहरी विषय विशेषज्ञों से गेस्ट लेक्चर करवाने के बजाय नियमित शिक्षकों से ही कक्षाएं संचालित करवाई गईं। आरोप है कि इसके बावजूद गेस्ट लेक्चर के नाम पर संबंधित व्यक्तियों के बैंक खातों में मानदेय की राशि जमा कराई गई और बाद में यह राशि वापस लिए जाने तथा उसके दुरुपयोग की जानकारी सामने आई है।
मामले को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं कि विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए आवंटित शासकीय राशि का वास्तविक उपयोग किस प्रकार किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों के विजिट के नाम पर खर्च की गई राशि और उससे संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की मांग की गई है।
एडवोकेट कृष्णकांत सेन ने भुगतान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन, वित्तीय ऑडिट और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच और पुष्टि होना शेष है। संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग का पक्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।