अशोकनगर। नगर पालिका में पार्षद और अधिकारियों के बीच विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्षद रीतेश जैन पर CMO के सरकारी आवास में घुसकर हंगामा करने, कर्मचारियों से अभद्रता और सोशल मीडिया के जरिए धमकी देने के आरोप लगे हैं। मामले में बुधवार को नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पार्षद की जल्द गिरफ्तारी और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
CMO के परिवार को डराने का आरोप
ज्ञापन के अनुसार, 1 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे पार्षद रीतेश जैन अपने साथियों के साथ कथित तौर पर CMO के सरकारी आवास में जबरन घुसे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए हंगामा किया गया। मौके पर मौजूद नगर पालिका कर्मचारियों के साथ झूमाझटकी की कोशिश की गई और उन्हें सरकारी काम करने से रोकने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कर्मचारियों ने बताया कि इस घटना से CMO का परिवार भी भयभीत हो गया। उनका आरोप है कि घटना के बाद गवाहों को फोन कर धमकाया जा रहा है। कर्मचारियों के मुताबिक, मामले में FIR दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गिरफ्तारी नहीं हुई तो कलमबंद हड़ताल
नगर पालिका कर्मचारियों का कहना है कि जलप्रदाय, फायर, बिजली और सफाई जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी भी असुरक्षा के कारण फील्ड में काम करने से घबरा रहे हैं। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ नगर पालिका के कार्यस्थल और आवासीय परिसरों में पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो नगर पालिका के सभी अधिकारी और कर्मचारी सरकारी कामकाज का बहिष्कार करते हुए कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे शहर की आवश्यक सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है।