नीमच। प्रदेश की प्रमुख कृषि उपज मंडियों में शुमार नीमच कृषि उपज मंडी में मंगलवार और बुधवार को उत्तर प्रदेश से आए नवनियुक्त मंडी सचिवों के दल ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी की व्यवस्थाओं, संचालन प्रणाली और औषधीय खेती एवं कृषि उपजों से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मंडी सचिव अंकेश कुमार ने बताया कि वे प्रशिक्षण के तहत नीमच मंडी पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें यहां की मंडी व्यवस्था और औषधीय खेती एवं उपजों से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि यहां किसानों से चर्चा के दौरान अधिकांश किसानों ने मंडी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। किसानों के अनुसार उन्हें मंडी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती और मंडी का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।
भ्रमण के दौरान अन्य नवनियुक्त मंडी सचिवों ने भी अपने अनुभव साझा किए और नीमच मंडी की व्यवस्थाओं एवं संचालन प्रणाली की सराहना की।
नीमच मंडी सचिव उमेश बसेड़िया ने बताया कि उत्तर प्रदेश के कुल 125 नवनियुक्त मंडी सचिवों में से 60 अधिकारियों का एक प्रशिक्षण दल नीमच मंडी पहुंचा है। यहां उन्हें विजुअल, फिजिकल, प्रैक्टिकल और थ्योरिटिकल ट्रेनिंग दी गई। उन्होंने नीमच मंडी का चयन करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और डीआईएम साहब का आभार व्यक्त किया।