नीमच। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोरी’ रैली में शामिल नहीं होने पर मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के 60 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में नौ जिला अध्यक्ष भी शामिल हैं, जिनमें नीमच युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनमोहन सिंह शतावत का नाम भी है। इस कार्रवाई के बाद जिले में कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मामले को लेकर चीफ रिपोर्टर मुश्ताक अली शाह ने मनमोहन सिंह शतावत सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों से बातचीत की। शतावत ने बताया कि फिलहाल पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है, पद से हटाया नहीं गया है। संबंधित लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा। उनका जवाब संतोषजनक पाए जाने पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय होगा।
कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि रैली में शामिल होना संगठन के निर्देशों के अनुसार जरूरी था और हाईकमान के फैसले का पालन किया जाना चाहिए। वहीं, कुछ पदाधिकारियों ने व्यक्तिगत और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने की बात कही।
बातचीत के दौरान महिला कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद लंबे समय से खाली होने का मुद्दा भी उठा। पदाधिकारियों ने शीघ्र नियुक्ति की आवश्यकता बताते हुए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। फिलहाल निलंबित पदाधिकारियों के जवाब और संगठन के अगले निर्णय पर सभी की नजरें टिकी हैं।