नीमच। मध्यप्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे ट्रक की चपेट में आने से थाना प्रभारी (टीआई) दिलीप पुरी की मौत के बाद प्रदेशभर में आक्रोश और शोक का माहौल है। इस घटना को लेकर नीमच में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन से रैली के रूप में विजय टॉकीज चौराहे पहुंचे। यहां सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि मोहन यादव सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। देवास की घटना को लेकर पूरे मध्यप्रदेश में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई करने पहुंचे पुलिस अधिकारी की इस तरह मौत होना गंभीर चिंता का विषय है। नीमच के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद थाना प्रभारी को श्रद्धांजलि देकर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।