चित्तौड़गढ़। मेवाड़ महोत्सव समिति के तत्वावधान में 4 नवंबर, बुधवार को गंभीरी नदी के पावन तट पर आयोजित होने वाले भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन चुनरी मनोरथ की तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नदी तट की साफ-सफाई, साज-सज्जा, टेंट, लाइटिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।
मेवाड़ महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष गोपाल भूतड़ा एवं अनुराग द्विवेदी ने बताया कि समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, संरक्षक आशा पोखरना, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, पार्षद भोलाराम प्रजापत, पार्षद शैलेंद्र झवर और अभिषेक श्रीमाल के सानिध्य में तैयारियों को पूरा किया गया है।
भगवान श्रीनाथजी को लगेगा 56 भोग, नावों से होगा चुनरी मनोरथ-
आयोजन में भगवान श्रीनाथजी को भव्य 56 भोग अर्पित किया जाएगा। सूरत से मंगवाई गई चुनरी का 10 से 15 नावों के माध्यम से मनोरथ किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को नुगती-पकौड़ी का अन्नकूट प्रसाद वितरित किया जाएगा। कोटा से पधार रहे पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की जाएगी। साथ ही चित्तौड़गढ़ के प्रमुख संतों का समिति द्वारा सम्मान भी किया जाएगा।
30 मिनट तक होगी भव्य आतिशबाजी-
इस बार चुनरी महोत्सव का विशेष आकर्षण गंभीरी नदी तट पर होने वाली भव्य आतिशबाजी रहेगी। पहली बार नदी तट पर करीब 30 मिनट का ग्रैंड विजुअल आतिशबाजी शो आयोजित किया जाएगा। इसमें आसमान में रंग-बिरंगी रोशनी और नदी के पानी में उसके खूबसूरत प्रतिबिंब श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
भगवा ध्वज और तलवारों के शौर्य प्रदर्शन से होगा शुभारंभ-
समिति की जया तोषनीवाल, राधा काबरा एवं रीना जागेटिया ने बताया कि सनातन धर्म के इस दिव्य आयोजन का शुभारंभ बैंड की विशेष प्रस्तुतियों के साथ होगा। भारत माता सेवा समिति और आरंभ शक्ति समूह की बालिकाएं हाथों में बड़े भगवा ध्वज लेकर तलवारों के माध्यम से शौर्य प्रदर्शन करेंगी। इन बालिकाओं का प्रतिदिन निंबाहेड़ा स्थित हनुमान मंदिर में अभ्यास होता है। कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं संचालक अमन सेन और मनोहर माली भी मौजूद रहेंगे।
चुनरी मनोरथ के बाद चित्तौड़गढ़ की गंगा कही जाने वाली गंभीरी माता की आरती से महाआरती की जाएगी। यह आरती चित्तौड़गढ़ के इंजीनियर कान्हा तोषनीवाल द्वारा स्वरचित है।
समिति ने शहरवासियों से की आयोजन में शामिल होने की अपील-
समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, संरक्षक आशा पोखरना, उपाध्यक्ष गोपाल भूतड़ा और अनुराग द्विवेदी ने शहरवासियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
व्यवस्थाओं में जुटे समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता-
आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में समिति अध्यक्ष अनंत समदानी, सचिव लीला आगाल, संरक्षक आशा पोखरना, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, अभिषेक श्रीमाल, पार्षद भोलाराम प्रजापत, शैलेंद्र झवर, सुनील मेनारिया, गोपाल भूतड़ा, अनुराग द्विवेदी, बंटी शर्मा, गोपाल पोरवाल, अभिषेक मूंदड़ा, यश टेलर, अनुराग बांगड़, विकास गंगवाल, सन्नी सुखवाल, बलजीत सिंह सोनी, हिमांशु जाजू, महेंद्र सिंह राजावत, अभिमन्यु माहेश्वरी, आयुष माहेश्वरी, अभिषेक व्यास, तनिष्क मूंदड़ा, अक्षत महेश्वरी सहित अन्य कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
महिला कार्यकर्ताओं में रेखा समदानी, ज्योति तिवारी, जया तोषनीवाल, रीना जागेटिया, भावना आगाल, राशि मूंदड़ा, प्रिया व्यास, प्रियंका आगाल, राधा काबरा, अंजलि गोस्वामी, दीप्ति समदानी, निशा कौशिक, अरुण द्विवेदी, वंदना भूतड़ा, सीमा पोरवाल, आयुषी माहेश्वरी, अक्षिता माहेश्वरी और अवनी शर्मा सहित अन्य सदस्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।