गरोठ/शामगढ़। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत मंगलवार को एकलव्य हायर सेकेंडरी स्कूल, शामगढ़ में ‘मेरा बचपन, मेरा अधिकार’ थीम पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंदसौर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में गरोठ न्यायालय के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश निरंजन कुमार पांचाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके कानूनी अधिकारों के बारे में बताया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन अध्यक्ष विनय विश्वकर्मा सहित अन्य अधिवक्ताओं और पुलिस अधिकारियों ने भी बच्चों को बाल श्रम, बाल विवाह, शोषण, हिंसा एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही, किसी भी संकट या सहायता की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
शिविर का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित बचपन के लिए कानूनी संरक्षण की जानकारी देना रहा।