सागर। कलेक्टर में जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को दंपति ने जमकर हंगामा किया। वह हाथ में रस्सी और पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आत्महत्या की धमकी देकर हंगामा शुरू किया। पुलिस ने देखा तो तुरंत उन्हें पकड़ा। समझाइश देकर शांत कराया।
पति-पत्नी मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे थे। दरअसल, माधवकुटी निवासी काशीबाई सौर ने शिकायत में गांव के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि 5 साल से परेशान कर रहे हैं। 30 अक्टूबर को खूंटा लगाने को लेकर हुए विवाद में सभी ने एकराय होकर घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की।
मारपीट में हाथ फ्रैक्चर, कार्रवाई नहीं
मारपीट में उसका बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। महिला का आरोप है कि बचाने पहुंची 16 वर्षीय बेटी, आठ वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी के साथ भी मारपीट की गई।
वह पहले भी नौ बार शिकायत कर चुकी है। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। आरोपियों की धमकियों के कारण बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। गढ़ाकोटा थाना पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है।
मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने महिला और उसके परिवार को समझाइश देकर शिकायत पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद वह शांत हुई।