नीमच। जिले के ग्राम रूपपुरा, ब्लॉक टप्पा कुकड़ेश्वर में श्मशान तक पहुंचने के रास्ते को लेकर ग्रामीणों के दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाद का निराकरण कराया।
राजस्व दल ने दोनों पक्षों के ग्रामीणों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण किया तथा राजस्व नक्शे का मिलान किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाकर करीब 500 फीट लंबाई और 18 फीट चौड़ाई वाले श्मशान मार्ग का विवाद सुलझाया गया।
इससे ग्रामीणों को श्मशान तक आवागमन की सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया।
इस दौरान प्रभारी तहसीलदार अरविंद दिवाकर, राजस्व निरीक्षक रामदयाल शर्मा, पटवारी भारमल दाहिमा, अजय बघेल, उमेश नागदा, विजय नरवरिया, जगदीश दाहिमा तथा संबंधित ग्राम कोटवार उपस्थित रहे।