नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में सरकारी स्कूल के मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। मामला समनापुर प्राथमिक शाला का है, जहां मध्यान्ह भोजन करने के बाद बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते कई बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, करीब 10 से 12 बच्चों में फूड प्वाइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई दिए। एहतियात के तौर पर कुल 38 बच्चों को तत्काल नरसिंहपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर एवं तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने स्कूल में मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले एकता स्वसहायता समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्रशासन के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।