नीमच। जिले में जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न ग्राम पंचायतों में बोरी बंधान एवं कड़ी शटर निर्माण के कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत लसूरे, झालरी, चंद्रपुरा, कंकरियातलाई, किशनपुरा और डाबड़ाकला सहित विभिन्न गांवों में बोरी बंधान एवं कड़ी शटर के माध्यम से जल संरक्षण संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।
इन जल संरचनाओं का उद्देश्य पानी के बहाव को रोककर उसका अधिकतम संचयन करना और भूजल स्तर में वृद्धि के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार करना है। इनके निर्माण से बरसाती पानी को स्थानीय स्तर पर रोका जा सकेगा, जिससे आसपास के कुओं और अन्य जलस्रोतों के पुनर्भरण में मदद मिलेगी।
जिले में किए जा रहे इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने, कृषि गतिविधियों को सहयोग देने और भविष्य के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।