दतिया। मध्य प्रदेश में ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल फ्रॉड के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला दतिया से सामने आया है, जहां नटराज पेंसिल कंपनी के नाम पर पेंसिल पैकिंग बिजनेस और अच्छे मुनाफे का लालच देकर एक युवती से 33 हजार रुपये ठग लिए गए।
जानकारी के अनुसार, युवती को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पेंसिल पैकिंग बिजनेस में निवेश करने और अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर युवती ने 33 हजार रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद जब उससे और पैसों की मांग की गई तो उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ।
मामले को लेकर पीड़िता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला के पास पहुंची और शिकायती आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। साथ ही युवती ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन बिजनेस और अधिक मुनाफे के लालच में आकर बिना जांच-पड़ताल के किसी को भी पैसे न दें।