मंदसौर। मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल की गांधी सागर में प्रस्तावित आगामी बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार दोपहर कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी गांधी सागर पहुंचे।
कलेक्टर ने बैठक की तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, टेंट सिटी और हिंगलाज रिजॉर्ट पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से तैयारियों के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रस्तावित कैबिनेट बैठक के आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।