नीमच। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में साप्ताहिक समय-सीमा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने पर जोर दिया।
खाद्य पदार्थों में मिलावट पर होगी सख्त कार्रवाई-
त्योहारों के मद्देनजर कलेक्टर ने सभी एसडीएम को खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ अपने-अपने अनुविभाग में खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पानी की अवैध निकासी और बिजली कनेक्शन पर नजर-
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी जलस्रोत से पानी की अवैध निकासी नहीं होनी चाहिए। ऐसे मामलों में संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसके लिए एसडीएम, उप संचालक कृषि और कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही एमपीईबी अधिकारियों को अवैध बिजली कनेक्शनों की जांच कर इनके माध्यम से होने वाली पानी की अवैध निकासी पर रोक लगाने को कहा।
स्कूलों और आंगनवाड़ियों से हटेगा अतिक्रमण-
कलेक्टर ने शिक्षा उपकर की राशि से शासकीय विद्यालयों में आवश्यक विकास कार्य कराने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को अतिक्रमण से प्रभावित स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों की रिपोर्ट 15 नवंबर तक प्रस्तुत करने को कहा।
नगरीय सुविधाओं और छात्रावासों के उन्नयन पर जोर-
सभी नगरीय निकायों को फूड जोन, मार्केट प्लेस और पार्किंग स्थलों के लिए भूमि चिन्हित कर विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सिटी फॉरेस्ट, पार्क और अन्य आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की योजना बनाने को कहा। संबंधित अधिकारियों को छात्रावासों का सघन निरीक्षण कर जर्जर भवनों के नवीनीकरण और आवश्यक सुविधाओं के विकास की कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
सीएम हेल्पलाइन और लंबित प्रकरणों की समीक्षा-
कलेक्टर ने कम रैंकिंग वाले विभागों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर अपनी रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतरविभागीय मामलों को आपसी समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर निपटाने तथा हिट एंड रन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच पराग जैन, एसडीएम मनासा मयूरी जौक, एसडीएम जावद संजीव साहू, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।