शाजापुर। जिले में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों की धरपकड़, चोरी गई संपत्ति की बरामदगी और साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने ‘पुलिस प्राइड’ पुरस्कार हेतु चयन किया है। पुरस्कार के लिए चयनित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने विभिन्न मामलों में सराहनीय कार्य करते हुए अपराधों के खुलासे और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी-
थाना शुजालपुर मंडी में पदस्थ प्रधान आरक्षक 123 रंजीत भानरिया एवं प्रधान आरक्षक 50 सचिन सिसोदिया ने 4 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए तीन आरोपियों की गिरफ्तारी में सराहनीय कार्य किया। आरोपियों से 2 लाख 75 हजार रुपये नकद और लगभग 8 लाख रुपये कीमत की टीयूवी कार क्रमांक MP 15 CB 7180 सहित कुल 10 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
चोरी गई शंकर जर्सी गाय बरामद-
थाना कालापीपल के प्रधान आरक्षक 585 विशाल पटेल (विवेचक) एवं आरक्षक 229 नयन यादव ने चोरी के मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये कीमत की शंकर जर्सी गाय चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही चोरी गई गाय भी बरामद की गई।
69 गुम मोबाइल फोन बरामद करने वाले पुलिसकर्मी भी होंगे सम्मानित-
साइबर अपराधों की रोकथाम और गुम मोबाइल फोन की बरामदगी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार पुलिसकर्मियों को ‘साइबर योद्धा’ के रूप में पुलिस प्राइड पुरस्कार के लिए चुना गया है। इनमें साइबर सेल शाजापुर के आरक्षक 360 राजेश दांगी ने 33, थाना कालापीपल के आरक्षक 525 राहुल मेवाड़ा ने 14, थाना कोतवाली के आरक्षक 523 अनिल परमार ने 12 तथा थाना अकोदिया के आरक्षक 401 रजत चौहान ने 10 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। इन चारों पुलिस इकाइयों के कर्मचारियों ने कुल 69 गुम मोबाइल फोन बरामद करने में सराहनीय योगदान दिया।
पुलिस अधीक्षक शाजापुर प्रियंका शुक्ला ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।