नीमच। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष को भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस विशेष अवसर पर नवंबर 2026 से लेकर 24 फरवरी 2027 तक जिलेभर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष आयोजन समिति, जिला नीमच की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें समिति के पदाधिकारियों ने आगामी आयोजनों की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों, आदर्शों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
आयोजन समिति के अनुसार, विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच संत रविदास जी के जीवन एवं विचारों पर व्याख्यान, सामाजिक संगोष्ठियां और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। धर्माचार्यों और संतों के माध्यम से भी संत रविदास जी के जीवन परिचय तथा उनके विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
651 धर्म ध्वजों के साथ होगा सामाजिक समरसता यात्रा का स्वागत-
दिसंबर माह में चित्तौड़गढ़ से निकलने वाली भव्य सामाजिक समरसता यात्रा के नीमच पहुंचने पर 651 धर्म ध्वजों के साथ उसका स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर विशाल शोभायात्रा भी निकाली जाएगी, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। वहीं, फरवरी माह में चित्रकला प्रदर्शनी, सामाजिक समरसता भोज और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के साथ संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष समारोह का समापन होगा।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि संत रविदास जी ने अपनी वाणी और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनकी 650वीं जयंती केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में एकता, समानता और समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।