उज्जैन। देवास में शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या किए जाने के विरोध में मंगलवार को उज्जैन में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। टॉवर चौराहे पर एकत्रित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने श्रद्धांजलि अर्पित की और मानव शृंखला बनाकर शराब माफिया के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत टीआई को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रदेश में सक्रिय शराब माफिया पर अंकुश लगाने की मांग की।
इस प्रदर्शन में विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रतिपक्ष रवि राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
विधायक ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
विधायक महेश परमार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब माफिया के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। टीआई की हत्या की घटना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
परमार ने सरकार पर मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस इस घटना के विरोध में आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।