नीमच। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत 60 दिवसीय जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित होगा। इसका उद्देश्य युवाओं और आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा तंबाकू मुक्त वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी बढ़ाना है।
अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों, तंबाकू नियंत्रण कानूनों तथा तंबाकू छोड़ने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। स्कूलों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों एवं युवाओं को तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही, समुदाय स्तर पर भी विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को परामर्श और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए तंबाकू निषेध केंद्रों और राष्ट्रीय तंबाकू निषेध हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), नेहरू युवा केंद्र और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और समुदाय की सक्रिय भागीदारी बढ़ाई जाएगी।
इस अभियान के जरिए युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।