शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम राजा की मुढैरी में मारपीट और आगजनी की घटना को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में कुशवाह समाज की ओर से लगाए गए आरोपों को गलत बताते हुए ब्राह्मण समाज ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्राम राजा की मुढैरी निवासी गायत्री शर्मा ने सिरसौद थाने में दर्ज प्रकरण को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि 3 जून 2026 को फरियादी पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद पुराने मामले से बचने के उद्देश्य से दूसरे पक्ष ने कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक नया प्रकरण दर्ज कराया।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि इस मामले में अनिल शर्मा, अमन शर्मा, अंकित शर्मा, सत्यनारायण शर्मा और श्याम शर्मा के नाम शामिल किए गए, जबकि वे न तो घटना में शामिल थे और न ही मौके पर मौजूद थे।
प्रार्थिया ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए प्रभाव में आकर कार्रवाई किए जाने की आशंका जताई है। ब्राह्मण समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्दाेष लोगों को न्याय दिलाने की मांग की है।