नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक 06 की गरीब बस्ती में विकास कार्य शुरू नहीं होने को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। शासन से आश्रय निधि के अंतर्गत सीसी रोड और नाली निर्माण की स्वीकृति मिलने, ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी होने तथा ठेकेदार को कार्यादेश जारी होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाए हैं। इस मामले को लेकर वार्ड पार्षद एवं दीनदयाल मंडल भाजपा अध्यक्ष दारासिंह यादव ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के समक्ष जनसुनवाई में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि नगरपालिका नीमच द्वारा आश्रय निधि से वार्ड क्रमांक 06 में विभिन्न गलियों में सीसी रोड और नाली निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गईं। निविदा स्वीकृत होने के साथ ही अनुबंध और कार्यादेश जारी करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई, लेकिन इसके बावजूद संबंधित कार्य आज तक शुरू नहीं हो सके हैं।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आश्रय निधि के अंतर्गत स्वीकृत अन्य क्षेत्रों के निर्माण कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि वार्ड क्रमांक 06 के कार्य अब भी लंबित हैं।
पार्षद दारासिंह यादव के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से वार्डवासी परेशान हैं। रहवासी लगातार उनसे मिलकर गलियों में सीसी रोड और नाली निर्माण शुरू करवाने की मांग कर रहे हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इसी को देखते हुए पार्षद ने कलेक्टर से नगरपालिका नीमच को तत्काल निर्देशित करने और वार्ड क्रमांक 06 में स्वीकृत सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की है।