नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 किलो 182 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अफीम के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही यामाहा क्रक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त अफीम की कीमत करीब 30 लाख 91 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज निमिष अग्रवाल, नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई।
मोटरसाइकिल की डिक्की में छिपाकर रखी थी अफीम-
पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को रतनगढ़ थाना पुलिस की टीम मानपुरा फंटे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यामाहा क्रक्स मोटरसाइकिल क्रमांक RJ 06 SZ 4841 पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे बैग से तीन प्लास्टिक की थैलियों में कुल 6 किलो 182 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अनिवार्य प्रावधानों का पालन करते हुए अफीम और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान का निवासी है गिरफ्तार आरोपी-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवपाल सिंह उर्फ विक्रम सिंह पिता मंगलसिंह राणावत (58 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ा महुआ, थाना सदर, जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई है।
यह सामग्री की गई जब्त-
6 किलो 182 ग्राम अफीम, अनुमानित कीमत 30 लाख 91 हजार रुपये।
यामाहा क्रक्स मोटरसाइकिल क्रमांक RJ 06 SZ 4841, अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये।
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की जांच जारी है।