खरगोन। जिले के महेश्वर में रविवार को पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन ग्राम बड़वेल में दो अलग-अलग खेतों से लाखों रुपये का गांजा जप्त किया है। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।
पहली कार्रवाई - 5.40 लाख का गांजा, आरोपी जगन फरार
मुखबिर की सूचना पर उनि राकेश सिसोदिया ने स्वतंत्र साक्षी धर्मेन्द्र यादव और देवाराम वामनिया के साथ आरोपी जगन उर्फ दयाराम डावर के कपास के खेत पर दबिश दी। खेत में कपास के बीच 1 से 5 फीट ऊंचाई के 132 हरे-भरे गांजे के पौधे लगे मिले।
इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर वजन 54 किलो 900 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत 5 लाख 40 हजार रुपये है। पुलिस ने पौधों को जड़ सहित उखाड़कर आर्टिकल A और B में सीलबंद किया। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके विरुद्ध धारा 8/20(a) NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई - 38.97 लाख का गांजा, आरोपी मथाराम पर केस
इसी कड़ी में पुलिस को फिर सूचना मिली कि मथाराम पिता बल्लू डावर ने अपने कपास-तुवर के खेत में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर 189 कलीनुमा गांजे के पौधे जप्त किए। इनका कुल वजन 389 किलो 700 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 38 लाख 97 हजार रुपये है।
पुलिस ने पूरे खेत से पौधे उखाड़कर आर्टिकल A से P तक बनाकर थाने की सील से सीलबंद किया और मिट्टी के सैंपल भी लिए। इस प्रकरण की विवेचना एस आई सुनील जामले को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार दोनों ही आरोपियों की तलाश जारी है।